मऊ। चन्द्रगुप्त सेना के तत्वावधान में सोमवार को दरियाबाद चौथीमील स्थित संगठन कार्यालय पर शिक्षित बनो, संघर्ष करो विषय पर एक परिचर्चा का आयोजन किया गया।परिचर्चा को संबोधित करते हुए चन्द्रगुप्त सेना के संयोजक शैलेश कुमार मोनू ने कहा कि शिक्षा ही बहुजन व वंचित समाज की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है। समाज की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक भागीदारी के लिए इस अभियान को जन आंदोलन बनाना होगा। सह संयोजक राणा प्रताप चौहान और मुंशी कुमार ने युवाओं से सामाजिक जागरूकता, संगठनात्मक एकता और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करने की अपील की। इस दौरान रामप्रवेश प्रजापति ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संदेशों की प्रासंगिकता पर जोर दिया। जबकि जगजीत सिंह टाइगर ने वंचित वर्गों तक शिक्षा की अलख जगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता त्रिलोकी प्रसाद और संचालन रजनीश कुमार ने किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से उमाशंकर कुमार, चेतन चौहान, दिनेश मौर्य, अनिल सक्सेना सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












