मऊ। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा जनपद मऊ में एक दिवसीय निःशुल्क जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य युवाओं एवं इच्छुक उद्यमियों को स्वरोजगार एवं उद्योग स्थापना से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करना है।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि शिविर में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना तथा मुख्यमंत्री माटी कला रोजगार योजना के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही योजनाओं के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, ऋण एवं अनुदान संबंधी प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनपद की समस्त तहसीलों, विकास खंडों एवं ग्राम पंचायतों के ऐसे बेरोजगार युवक-युवतियां, उद्यम स्थापना में रुचि रखने वाले व्यक्ति तथा आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक उत्तीर्ण अभ्यर्थी इस शिविर में प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना नाम, पता, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर एवं शैक्षिक योग्यता से संबंधित अभिलेख साथ लाने होंगे।
अभ्यर्थी योजनाओं हेतु ऑनलाइन आवेदन upkvib.gov.in पर जाकर कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, संगीत पैलेस, निजामुद्दीनपुरा, मऊ में भी जमा की जा सकती है।
अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में अथवा दूरभाष संख्या 7408410764 एवं 7905331603 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने जनपद के अधिक से अधिक युवाओं एवं उद्यम स्थापना के इच्छुक व्यक्तियों से इस निःशुल्क जागरूकता शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।












