Home मऊ केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकसित भारत...

केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन

केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन

*मा. जिला पंचायत अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत लाभार्थियों को वितरित किए टूल किट।*

*प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मऊ जनपद विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है : जिला पंचायत अध्यक्ष*

*केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से बदल रही जनपद मऊ की तस्वीर : मनोज राय*

*प्रदेश में आधारभूत संरचना एवं कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में हुए व्यापक सुधारों से बढ़ा उत्तर प्रदेश का सम्मान : जिलाधिकारी।*

केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान की मूल भावना पर आधारित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज राय एवं जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन की उपस्थिति में कम्युनिटी हाल में किया गया। इस दौरान सोनी धापा बालिका इंटर कॉलेज एवं प्राथमिक विद्यालय कइयां के छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी द्वारा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को टूल किट का वितरण किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि परम पूज्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में 12 वर्ष एवं परम पूज्य मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में राज्य सरकार के नव वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में लोगों को बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मऊ भी सबसे पिछड़े क्षेत्र में आता था। यह पहले गुंडे, माफियाओ का जिला हुआ करता था परंतु आज के समय में देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में मऊ का विकास तेजी से हो रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क आदि के क्षेत्र में जनपद का विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि सूचना विभाग द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का बुकलेट जारी किया गया है इस बुकलेट में विभिन्न प्रकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई है। विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम में बच्चों की गायन एवं नृत्य प्रतिभा को देखने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को प्रदान की जा रही शिक्षा एवं सुविधाओं का अवलोकन कर भविष्य में इसके और अधिक विकास एवं गुणवत्ता संवर्धन के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा प्रदेश में आधारभूत संरचना एवं कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में हुए सकारात्मक परिवर्तनों का उल्लेख किया गया, जो वास्तव में उल्लेखनीय हैं। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, मेट्रो, रैपिड रेल कॉरिडोर, एयरपोर्ट एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे तथा गंगा एक्सप्रेस-वे जैसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं ने प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान की है। बेहतर संपर्क व्यवस्था से न केवल व्यापार एवं उद्योग को बढ़ावा मिला है, बल्कि विद्यार्थियों, चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों के लिए आवागमन भी अधिक सुगम हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा देने के लिए उड़ान योजना के अंतर्गत कई नए हवाई अड्डों का विकास किया गया है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश देश का ऐसा राज्य है जहां सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे संचालित हैं। हाल ही में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर से उड़ानों का संचालन प्रारंभ होना प्रदेश के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह परियोजना भविष्य में एशिया के सबसे बड़े हवाई अड्डों में शामिल होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में कानून-व्यवस्था की स्थिति में हुआ सुधार भी शामिल है। प्रभावी मॉनिटरिंग, नियमित समीक्षा एवं त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। संगठित अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा न्यायालयों में सफल अभियोजन के कारण अपराधियों के विरुद्ध कठोर दंड सुनिश्चित किया जा रहा है। इससे आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण सुदृढ़ हुआ है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की विभिन्न उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी सूचना विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तिका, विभागीय वेबसाइट तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। उन्होंने उपस्थित लोगों से इन उपलब्धियों का अवलोकन करने तथा अपने सुझाव एवं फीडबैक उपलब्ध कराने की अपील की, जिससे शासन-प्रशासन को योजनाओं के और बेहतर क्रियान्वयन का अवसर प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम के दौरान के विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here