मऊ। जिला समाज कल्याण अधिकारी रश्मि मिश्रा ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजनान्तर्गत शैक्षिक सत्र 2026-27 में UPSC, UPPSC, JEE, NEET, CDS, NDA, UPSSSC, SSC, Banking, CTET, UPTET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। इन कक्षाओं में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु विषय विशेषज्ञों, व्याख्याताओं एवं वार्ताकारों का इम्पैनलमेंट किया जाना प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक एवं योग्य विषय विशेषज्ञों से आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र, जीवनवृत्त (सीवी), शैक्षिक अभिलेखों एवं संबंधित योग्यताओं की स्वप्रमाणित प्रतियों सहित कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी, मऊ अथवा अभ्युदय कोचिंग संस्थान, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मऊ में जमा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि चयनित अतिथि व्याख्याताओं को प्रति व्याख्यान ₹2,000 की दर से अथवा शासन द्वारा समय-समय पर निर्धारित मानदेय का भुगतान किया जाएगा। प्रत्येक व्याख्यान की अवधि 90 मिनट निर्धारित की गई है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 26 जून 2026 निर्धारित की गई है।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अभ्युदय कोचिंग संस्थान के को-ऑर्डिनेटर श्री संजय कुमार सिंह (मोबाइल नं. 9792386274) से कार्यालय अवधि में संपर्क कर सकते हैं। ट्रायल लेक्चर की तिथि पृथक रूप से निर्धारित की जाएगी। एक अतिथि व्याख्याता अधिकतम दो विषयों के लिए आवेदन कर सकता है।
योजना के अंतर्गत UPSC/UPPSC, JEE, NEET, सामान्य हिन्दी, अंग्रेजी तथा विभिन्न एकदिवसीय प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित विषयों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। UPSC/UPPSC हेतु इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, भारतीय राजव्यवस्था एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध, विज्ञान एवं तकनीकी, नीतिशास्त्र, सी-सैट, यूपी स्पेशल एवं करेंट अफेयर्स जैसे विषयों के विशेषज्ञों की आवश्यकता है। इसी प्रकार JEE एवं NEET के लिए भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान एवं गणित तथा एकदिवसीय प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गणित, रीजनिंग, अंग्रेजी, हिन्दी, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, भारतीय राजव्यवस्था, विज्ञान, उत्तर प्रदेश विशेष एवं करेंट अफेयर्स विषयों के विशेषज्ञ आवेदन कर सकते हैं।
जनपद के योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों, विषय विशेषज्ञों एवं प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शकों से निर्धारित समयावधि में आवेदन प्रस्तुत कर योजना को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की गई है।
Home मऊ मुख्यमंत्री अभ्युदय योजनान्तर्गत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु विषय विशेषज्ञों से आवेदन...












