Home मऊ साधन सहकारी बीज गोदामों से धान के बीज गायब,डबल विद्युत बिल आने...

साधन सहकारी बीज गोदामों से धान के बीज गायब,डबल विद्युत बिल आने उपभोक्ता परेशान

मऊ। जनपद के मधुबन में किसानों और ग्रामीण उपभोक्ताओं की दो प्रमुख समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव (युवजन सभा) एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य अखिलेश सिंह राठौर ने उपजिलाधिकारी मधुबन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की है। ज्ञापन में धान की बुआई-रोपाई के मौसम में उन्नत बीजों की अनुपलब्धता तथा क्षेत्र में आ रहे अत्यधिक एवं दोहरे बिजली बिलों की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि धान की बुआई और रोपाई का सीजन शुरू हो चुका है, लेकिन राजकीय बीज गोदामों और स्थानीय सहकारी समितियों पर किसानों को उन्नत किस्म के धान के बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इससे किसानों को निजी दुकानों से महंगे दामों पर बीज खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उनकी लागत बढ़ रही है। सपा नेता ने प्रशासन से तत्काल पर्याप्त मात्रा में प्रमाणित धान बीज उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि किसानों की खेती प्रभावित न हो।
इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों से ग्रामीण उपभोक्ताओं को उनकी वास्तविक खपत से कई गुना अधिक बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। कई उपभोक्ताओं को एक ही महीने में दो-दो बिल थमा दिए गए हैं, जिससे गरीब परिवारों और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। बिजली विभाग के कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
अखिलेश सिंह राठौर ने कहा कि बीजों की कमी और गलत बिजली बिलिंग दोनों ही समस्याएं सीधे किसानों और ग्रामीणों के जीवन से जुड़ी हैं। यदि इनका शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो किसानों की खेती और आम लोगों की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ेगा।
उन्होंने उपजिलाधिकारी से मांग की कि धान के उन्नत बीजों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए तथा गलत एवं दोहरे बिजली बिलों की जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जाए। ज्ञापन मिलने के बाद प्रशासन ने समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया है।इस मौके पर भरत सिंह ,दीपक पटेल ,राहुल राजभर ,सतीश यादव ,रामशोच शर्मा ,राकेश तिवारी आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here