Home मऊ दोहरीघाट में मुक्तिधाम (श्मशान घाट) की सुरक्षा हेतु चल रहे कटाव निरोधक...

दोहरीघाट में मुक्तिधाम (श्मशान घाट) की सुरक्षा हेतु चल रहे कटाव निरोधक कार्य का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

0 15 जून के पूर्व ही समस्त कटाव निरोधक कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्धन दोहरीघाट के सरयू नदी के दाएं तट पर किलोमीटर 0.570 से किलोमीटर 0.940 के मध्य स्थित मुक्तिधाम (श्मशान घाट) की सुरक्षा हेतु संचालित कटावनिरोधक कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समयावधि में पूर्णता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग ने अवगत कराया कि परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 724.85 लाख रुपये है तथा अब तक लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कटावनिरोधक कार्य को पूरी गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप संपादित किया जाए ताकि सरयू नदी के कटाव से मुक्तिधाम (श्मशान घाट) की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना के समस्त कार्य 15 जून के पूर्व हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं तथा कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना स्थानीय नागरिकों की सुविधा एवं महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल की सुरक्षा से जुड़ी हुई है, इसलिए कार्य की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, कार्य की मजबूती एवं तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग, अभियंता सिंचाई विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here