Home मऊ औषधि निरीक्षक द्वारा मेडिकल स्टोर का निरीक्षण, अनियमितताएं मिलने पर नमूने संग्रहित

औषधि निरीक्षक द्वारा मेडिकल स्टोर का निरीक्षण, अनियमितताएं मिलने पर नमूने संग्रहित

मऊ। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में औषधि निरीक्षक, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन जनपद-मऊ द्वारा आज मेसर्स एस.के. मेडिकल, पता-निकट बरपुर बारह विघा, गालिबपुर, मऊ का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फर्म स्वामी सतीश कुमार सिंह मौके पर उपस्थित पाए गए।
निरीक्षण के समय औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख नियमानुसार प्रस्तुत नहीं किए जा सके। साथ ही औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 के नियम 65 के उल्लंघन की स्थिति पाई गई। इस दौरान तीन संदिग्ध औषधियों के नमूने जांच हेतु नियमानुसार संग्रहित किए गए।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि प्रतिबंधित औषधियों के सुरक्षित रख-रखाव हेतु आवश्यक मानक व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी। फर्म स्वामी द्वारा यह अवगत कराया गया कि औषधि अनुज्ञप्ति प्राप्त करने के बाद से अब तक केवल दो व्यक्तियों को अनुभव प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं, जिनसे संबंधित अभिलेख निरीक्षण के समय उपलब्ध नहीं कराए जा सके।
मौसम में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए औषधियों के उचित भंडारण एवं तापमान नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख एवं अन्य आवश्यक साक्ष्य छह कार्य दिवस के भीतर कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा गया है।
औषधि निरीक्षक द्वारा बताया गया कि संग्रहित नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here