मऊ। जनपद के घोसी कोतवाली क्षेत्र के रघौली गांव में एक बंदर के बच्चे की एयर गन से गोली मारकर मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराजगी व्याप्त है। मिली जानकारी के अनुसार, रघौली गांव निवासी सफरुद्दीन उर्फ शफ्फर पर आरोप है कि उसने बंदरों को भगाने के दौरान एक मासूम बंदर के बच्चे पर एयर गन से गोली चला दी। गोली लगने से बंदर के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए घोसी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद आरोपी के फरार होने की बात सामने आई है और उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










