Home Uncategorized गोठा मंडी परिसर में प्रकाश व्यवस्था की मांग, उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

गोठा मंडी परिसर में प्रकाश व्यवस्था की मांग, उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

9
0

मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिला स्थित गोठा कृषि मंडी समिति परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने से किसानों, व्यापारियों एवं आम लोगों को हो रही परेशानियों को देखते हुए समाजसेवी, पत्रकार तथा श्री झारखंडी महादेव शनिधाम तीर्थ के सदस्य पवन उपाध्याय ने उपजिलाधिकारी घोसी को प्रार्थना पत्र सौंपकर मंडी परिसर में स्ट्रीट लाइट एवं हाई मास्ट लाइट लगाए जाने की मांग की है।
सौंपे गए प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि गोठा मंडी परिसर क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक एवं कृषि केंद्र है, जहां प्रत्येक रविवार एवं बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बाजार आयोजित होता है। बाजार में दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोग खरीद-बिक्री के लिए पहुंचते हैं। इसके अतिरिक्त मंडी समिति परिसर में धान एवं गेहूं की सरकारी खरीद भी की जाती है, जिसके चलते प्रतिदिन काफी संख्या में किसानों और व्यापारियों का आवागमन बना रहता है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि मंडी परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने के कारण शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है। इससे किसानों, व्यापारियों एवं बाजार में आने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से महिलाओं एवं बुजुर्गों को असुरक्षा की भावना बनी रहती है। अंधेरे के कारण दुर्घटना एवं आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है, जिससे लोगों में भय का माहौल रहता है।
समाजसेवी पवन उपाध्याय ने कहा कि मंडी परिसर में हाई मास्ट लाइट एवं स्ट्रीट लाइट लगाए जाने से न केवल बाजार व्यवस्था सुचारु होगी, बल्कि किसानों एवं व्यापारियों को भी राहत मिलेगी। साथ ही रात्रि के समय सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने से लोगों में विश्वास बढ़ेगा और सरकारी खरीद कार्य भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा।
उन्होंने उपजिलाधिकारी से जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर शीघ्र प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि मंडी परिसर में आने वाले हजारों लोगों को राहत मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here