0 मई 2025 के सापेक्ष मई 2026 में सड़क दुर्घटनाओं में 51.02 प्रतिशत तथा उनमें होने वाली मौतों में 64.51% की दर्ज की गई कमी
मऊ। जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कल देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान हिट एंड रन मामलों की समीक्षा के दौरान यातायात निरीक्षक ने बताया कि जनपद में विभिन्न थानों से संबंधित कुल 155 मामले हैं। इनमें से दो प्रकरण स्वीकृति हेतु शासन को प्रेषित किए जा चुके हैं, जबकि शेष मामलों में तहसीलों से जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। इस पर जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि हिट एंड रन मामलों में किसी प्रकार की लंबितता न रहे तथा सभी प्रकरणों की जांच शीघ्र पूर्ण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
नो हेलमेट-नो फ्यूल अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अभियान का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न देने के निर्देशों का पालन करने को कहा तथा पेट्रोल पंपों की आकस्मिक जांच कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन चालकों के विरुद्ध चालान तथा संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करे।
ड्रंकन ड्राइविंग की समीक्षा के दौरान यातायात निरीक्षक द्वारा अवगत कराया गया कि यातायात पुलिस के पास कुल 33 ब्रीथ एनालाइजर उपलब्ध हैं, जिनमें से 20 थानों को उपलब्ध करा दिए गए हैं जबकि 13 उपकरण अक्रियाशील हैं। इस पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश बहादुर ने आवश्यक संख्या में नए उपकरण उपलब्ध कराने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा में जिलाधिकारी ने गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे साइन बोर्डों पर हेल्पलाइन नंबर अंकित न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारी को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर पर्याप्त संख्या में ट्रक-ले-बाय, पार्किंग स्थल एवं होल्डिंग एरिया विकसित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही रंबल स्ट्रिप, साइनेज एवं अन्य सड़क सुरक्षा कार्यों की जियो टैगिंग युक्त फोटोग्राफ अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के लगभग 8 से 10 स्थानों पर क्षतिग्रस्त सर्विस लेनों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा अन्य सड़क संबंधी समस्याओं को चिन्हित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे सड़क सुरक्षा कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी की सड़कों पर पेट्रोलिंग वाहन संचालित करने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े समस्त कार्यों की फोटोग्राफ सहित प्रगति रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बस अड्डों के बाहर रोडवेज बसों के खड़े होने से उत्पन्न जाम की समस्या पर गंभीरता व्यक्त करते हुए सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) को सभी बसों को बस स्टेशन परिसर के अंदर ही खड़ा कराने तथा सीसीटीवी के माध्यम से नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जनपद की सभी स्कूल बसों की फिटनेस जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एआरटीओ एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को समस्त विद्यालयों से स्कूल बसों तथा उनके चालकों का विवरण प्राप्त कर सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा के दौरान एआरटीओ द्वारा बताया गया कि मई 2025 में जनपद में कुल 49 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, जबकि मई 2026 में यह संख्या घटकर 24 रह गई, जो कि 51.02 प्रतिशत की कमी दर्शाती है। इसी प्रकार मई 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 31 लोगों की मृत्यु हुई थी, जबकि मई 2026 में यह संख्या घटकर 11 रह गई, जो कि 64.51 प्रतिशत की कमी है। जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं एवं मृत्यु दर में आई उल्लेखनीय कमी पर सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों की सराहना करते हुए इस दिशा में और अधिक प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा के दौरान एआरटीओ ने बताया कि अभियान के तहत ओवर स्पीडिंग में 24, बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 1403, बिना सीट बेल्ट के 271, रॉन्ग साइड ड्राइविंग में 145, ड्रंकन ड्राइविंग में 34, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग में 56 तथा ओवरलोडिंग के मामलों में 86 वाहनों का चालान किया गया है। जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश बहादुर, अपर जिलाधिकारी श्री प्रवेंद्र कुमार, एआरटीओ श्री सोहेल अहमद, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री गौतम प्रसाद सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












