मऊ। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रानीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामसभा याकूबपुर के समीप पॉइंट नंबर 274.2 पर बालू से लदा एक अनियंत्रित टेलर रेलिंग तोड़ते हुए नीचे पलट गया। इस हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बतादें कि आजमगढ़ जनपद के थाना मेहनगर स्थित ग्रामसभा गदीपुर निवासी सुरेश यादव (पुत्र महगू यादव) बिहार से टेलर में बालू लादकर आजमगढ़ की ओर जा रहे थे। आज सुबह लगभग 6:00 बजे जब उनका वाहन पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पॉइंट नंबर 274.2 पर पहुँचा, तभी अचानक चालक को नींद की झपकी आ गई।नींद आने के कारण वाहन पर से नियंत्रण खो गया और तेज रफ्तार टेलर एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और चालक मलबे में फंस गया।








