0 आपसी सहमति से होगा लंबित वादों का निस्तारण : श्रीमती नसेहा वसीम
मऊ। माननीय सर्वोच्च न्यायालय नई दिल्ली द्वारा न्याय को सस्ता, सुलभ एवं त्वरित रूप से आमजन तक पहुँचाने तथा पक्षकारों को आपसी सहमति के माध्यम से उनके लंबित वादों के समाधान का अवसर प्रदान करने हेतु “समाधान समारोह–2026” का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मऊ की प्रभारी सचिव श्रीमती नसेहा वसीम ने आज दिनांक 22-05-2026 को बताया कि “समाधान समारोह–2026” की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 से ही की जा चुकी है, जिसका समापन 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को आयोजित विशेष लोक अदालत के साथ होगा। यह विशेष लोक अदालत माननीय सर्वोच्च न्यायालय परिसर, नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी, जिसमें सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का सौहार्दपूर्ण एवं आपसी सहमति से निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य न्यायालयों में लंबित वादों का शीघ्र, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया, समय एवं अनावश्यक खर्च से राहत मिल सके। समाधान समारोह के अंतर्गत पक्षकारों को वार्ता, मध्यस्थता एवं आपसी समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
प्रभारी सचिव ने बताया कि विशेष लोक अदालत से पूर्व राज्य, जिला, तहसील एवं उच्च न्यायालय स्तर पर स्थित विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं समितियों के मध्यस्थता केंद्रों में लगातार सुलह बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थों एवं संबंधित जिला विधक सेवा प्राधिकरण/समिति के सचिवों द्वारा पक्षकारों को मामलों में समाधान हेतु सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि यह पहल न्यायिक व्यवस्था में वैकल्पिक विवाद निस्तारण प्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे पक्षकार आपसी संवाद एवं सहमति के माध्यम से अपने विवादों का शांतिपूर्ण समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
वादकारियों एवं अधिवक्तागण की सुविधा के दृष्टिगत प्रभारी सचिव श्रीमती नसेहा वसीम ने जानकारी दी कि Supreme Court of India Samadhan Samaroh 2026 Portal के माध्यम से इच्छुक पक्षकार एवं अधिवक्ता अपने लंबित मामलों के निस्तारण हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए “Samadhan Samaroh–2026 Google Link for Litigants/AORs” फॉर्म भरना होगा। उन्होंने जनपद वासियों से अपील की कि जो भी पक्षकार अपने लंबित मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान चाहते हैं, वे इस अवसर का अधिकाधिक लाभ उठाएँ तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मऊ में संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करें।












