Home मऊ मऊ में SP-कांग्रेस का संयुक्त प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के...

मऊ में SP-कांग्रेस का संयुक्त प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई और ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के लगाए नारे, DM को सौंपा ज्ञापन

संवाददाता:शैलेश कुमार मौर्य

मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने संयुक्त रूप से भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को दोनों दलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग और “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारे के साथ जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

यह प्रदर्शन जिला मुख्यालय पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सपा और कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सपा और कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने देश में चुनाव की निष्पक्षता को खत्म कर दिया है। विपक्षी दलों का कहना है कि बिहार में चल रहे वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और वोट चोरी के जरिए भाजपा चुनाव जीतना चाहती है और चुनाव आयोग इसमें उसका साथ दे रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने जानबूझकर विपक्ष के वोट काटे हैं और फर्जी वोटर जोड़े हैं। इसी के विरोध में आज पूरे प्रदेश में कांग्रेस और सपा संयुक्त रूप से धरना प्रदर्शन कर रही हैं। इंडिया गठबंधन के तहत यह प्रदर्शन किया गया है।

प्रदर्शन के बाद सपा जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव और कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मऊ के जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य रूप से दो मांगें रखी गईं।

भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाया जाए और उनके खिलाफ संवैधानिक मूल्यों के उल्लंघन के लिए कार्रवाई की जाए। देश में वोट चोरी की निष्पक्ष जांच कराई जाए और मतदाता सूची में हुई गड़बड़ियों को ठीक किया जाए।

इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने कहा कि आज देश का लोकतंत्र खतरे में है। चुनाव आयोग जो एक स्वतंत्र संस्था है, वह भाजपा की कठपुतली बन गया है। राहुल गांधी जी ने वोट चोरी का जो पर्दाफाश किया है, उससे पूरा देश समझ गया है कि भाजपा कैसे चुनाव जीतती है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हैं।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव कहा कि वोट चोरों को गद्दी छोड़नी पड़ेगी। यह सरकार जनता की नहीं, वोट चोरी से बनी सरकार है। चुनाव आयोग की भूमिका संदिग्ध है। हम राष्ट्रपति जी से मांग करते हैं कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करें।

पूर्व एमएलसी *लीलावती कुशवाहा* ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर संवैधानिक संस्था का दुरुपयोग किया है। महिलाओं, दलितों, पिछड़ों के वोट काटे जा रहे हैं। यह लोकतंत्र की हत्या है।

इस संयुक्त विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से सपा जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव, पूर्व एमएलसी लीलावती कुशवाहा, वरिष्ठ सपा नेता हरिश्चंद्र यादव, कांग्रेस नेता संजय गुप्ता, तैयब पालकी, शैलेन्द्र कुमार यादव, पंकज उपाध्याय, मयंक पाण्डेय, शिवाजी कन्नौजिया सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। ज्ञापन सौंपने के बाद सभी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से वापस लौट गए।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here