Home मऊ जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की विद्यालय प्रबंध समिति...

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक संपन्न

0 विद्यालय के विकास एवं आगामी योजनाओं पर हुई चर्चा, विभिन्न प्रस्तावों को प्रदान की गई संस्तुति।

0 जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर स्थित नवाचार एवं कौशल केंद्र का किया शुभारंभ।

जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में आज पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन द्वारा अब तक किए गए कार्यों एवं विद्यालय की शैक्षणिक तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में विद्यालय के आगामी विकासपरक कार्यों एवं योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा उपरांत विद्यालय के समग्र विकास एवं विद्यार्थियों के हित से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों को समिति द्वारा संस्तुति प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को स्वीकृत योजनाओं को प्राथमिकता एवं गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने पर जोर दिया।
बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में स्थापित नवाचार एवं कौशल केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नवाचार एवं कौशल केंद्र विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, नवाचार की क्षमता एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक एवं नवीनतम संसाधनों के साथ सीखने और अपनी प्रतिभा को विकसित करने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उनमें रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता, समस्या समाधान एवं नवाचार की प्रवृत्ति विकसित करना आवश्यक है। नवाचार एवं कौशल केंद्र इस दिशा में विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक एवं व्यावहारिक सीखने का उपयुक्त मंच उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों को केंद्र का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों को नई तकनीकों एवं कौशल आधारित गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here