मऊ। जनपद मधुबन दरगाह स्थित चकरा बासू नगर स्थित साधू पब्लिक स्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों और छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक शिवदेनी उर्फ साधू ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रबंधक शिवदेनी उर्फ साधू ने कहा कि शिक्षक ही राष्ट्र का निर्माता होता है। शिक्षक दिवस हम सभी के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। यह दिन भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद् और दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। उन्होंने अपना पूरा जीवन शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित कर दिया था।
उन्होंने कहा कि एक शिक्षक ही अपने ज्ञान की रोशनी से छात्रों के जीवन में अंधकार को दूर कर उन्हें सही मार्ग दिखाता है। आज जो भी छात्र जीवन में सफल होकर डॉक्टर, इंजीनियर, अधिकारी बनते हैं, उसके पीछे किसी न किसी शिक्षक का हाथ जरूर होता है। इसलिए हमें हमेशा अपने गुरुओं का सम्मान करना चाहिए।
प्रबंधक ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी बहुत जरूरी है और यह संस्कार हमें केवल शिक्षक ही दे सकते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












