रिपोर्ट: प्रधान संपादक पवन कुमार पाण्डेय
मऊ। जनपद के उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान के प्रतिनिधि और भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवप्रकाश उपाध्याय सुब्बी ने मौजूदा राजनीतिक हलचलों के बीच विशेष साक्षात्कार में कई अहम मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी। उन्होंने दावा किया कि 2027 विधानसभा चुनाव में मऊ जिले की चारों सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी। साथ ही उन्होंने मधुबन के विकास, बाढ़-कटान और गठबंधन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की।
पेश है साक्षात्कार के मुख्य अंश –
सवाल – 2017 से 2022 तक कारागार मंत्री दारा चौहान मधुबन से विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में वन मंत्री रहें। मऊ इनकी कर्मभूमि है। 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा की क्या रणनीति है? क्या इस बार मऊ की 4 सीटों पर कमल खिल पाएगा?
जवाब -शिवप्रकाश उपाध्याय सुब्बी ने कहा कि मऊ की चारों सीटें भाजपा जीतेगी। इसके लिए बूथ स्तर पर तैयारी चल रही है। टिकट देना पार्टी का विषय है। पार्टी जिसे भी टिकट देगी, हम सभी कार्यकर्ता उसे जिताने का काम करेंगे। जैसा पार्टी का निर्देश होगा, मंत्री दारा सिंह चौहान उसका पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि मधुबन के विकास के लिए मंत्री जी सदैव प्रयत्नशील रहे हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने दुबारी-परसिया मार्ग, फायर स्टेशन, बालिका महाविद्यालय सहित तमाम बड़ी योजनाओं की सौगात दी है। आगे भी विकास की योजनाएं जारी रहेंगी।
सवाल – अखिलेश यादव कह रहे हैं कि PDA ही NDA को हराएगा। आप खुद पिछड़े वर्ग के बड़े नेता हैं, क्या PDA का फैक्टर भाजपा के लिए चुनौती है?
जवाब -इस सवाल पर शिवप्रकाश उपाध्याय सुब्बी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के केवल बड़े-बड़े वादे हैं, धरातल पर कुछ नहीं है। भाजपा सरकार में बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। चाहे आवास हो, शौचालय हो, राशन हो या किसान सम्मान निधि, सबको मिल रहा है। PDA का कोई फैक्टर नहीं चलने वाला। 2027 में सपा पूरी तरह से साफ हो जाएगी और भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ फिर सरकार बनाएगी।
सवाल – मधुबन का देवांचल और धर्मपुर विशुनपुर हर साल घाघरा की बाढ़ और कटान से तबाह होता है। मोहन सेतु के पास कटान तेज है। इसके स्थायी समाधान के लिए सरकार क्या कर रही है?
जवाब -उन्होंने बताया कि मधुबन की सबसे बड़ी समस्या घाघरा की बाढ़ और कटान है। इसके स्थायी समाधान के लिए सरकार गंभीर है। मंत्री जी के प्रयास से दुबारी घाट से परसिया तक 100 करोड़ की लागत से सुरक्षात्मक दीवार (बांध) का निर्माण हुआ। साथ ही कटान को रोकने के लिए विंटोलिया में ठोकर का निर्माण कराया गया। मोहन सेतु के पास हो रहे कटान को भी जल्द रोका जाएगा। इसके लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वार्ता की गई है।
सवाल – सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के साथ गठबंधन का मऊ में कितना लाभ मिल रहा है? क्या 2027 में भी यह गठबंधन बरकरार रहेगा?
जवाब – शिवप्रकाश उपाध्याय ने कहा कि सुभासपा के साथ गठबंधन से बहुत लाभ मिल रहा है। ओमप्रकाश राजभर के साथ आने से पूर्वांचल में भाजपा और मजबूत हुई है। पिछड़ा और वंचित समाज का वोट भाजपा गठबंधन को मिल रहा है। यह गठबंधन आगे भी जारी रहेगा और 2027 में भी हम साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
सवाल – नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण पूर्वांचल में लगातार सक्रिय हैं और दलित वोटबैंक में सेंध लगा रहे हैं। क्या भाजपा इसे चुनौती मानती है?
जवाब -उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर रावण की सेंधमारी से भाजपा को कोई नुकसान नहीं होने वाला है। भाजपा का दलित वोटबैंक पूरी तरह से सुरक्षित है। दलित समाज भाजपा की नीतियों से खुश है। असल में बसपा और आजाद समाज पार्टी आपस में ही दलित मत के लिए जूझ रही हैं। इसका फायदा सीधे तौर पर भाजपा को मिलेगा।
सवाल – मऊ जनपद में आज भी चीनी मिल, मेडिकल कॉलेज और रोजगार का मुद्दा अधूरा है।
जवाब – इस पर उन्होंने कहा कि घोसी चीनी मिल के सुधारों के लिए लगातार पहल की जा रही है। सरकार इस पर गंभीर है। रोजगार के क्षेत्र में भी काम चल रहा है। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। मऊ को जल्द ही मेडिकल कॉलेज की भी सौगात मिलेगी। मंत्री जी इसके लिए प्रयासरत हैं।










