मऊ । मधुबन के फतहपुर मंडाव ब्लॉक के परसुपुर स्थित कम्पोजिट विद्यालय का बुधवार सुबह लगभग 10 बजे उप जिलाधिकारी दीपक सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र उपस्थिति तथा मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण में विद्यालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर एसडीएम ने शिक्षकों की सराहना की।
निरीक्षण के समय विद्यालय में 307 नामांकित विद्यार्थियों के सापेक्ष 263 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले।जबकि विद्यालय का समस्त शिक्षकीय एवं अन्य स्टाफ उपस्थित पाया गया। उप जिलाधिकारी ने कक्षाओं का निरीक्षण कर शिक्षण कार्य की गुणवत्ता को सराहनीय बताया।
कक्षा छह में पहुंचकर उन्होंने विद्यार्थियों से भूगोल विषय से संबंधित प्रश्न पूछे तथा अक्षांश और देशांतर के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने भी इस विषय पर उनसे प्रश्न किए, जिनका उन्होंने सरल और प्रभावी ढंग से उत्तर दिया। इससे विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता भी संतोषजनक पाई गई। अंत में उप जिलाधिकारी ने सभी शिक्षकों से परिचय प्राप्त किया और विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों तथा अनुशासन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य जारी रखने की अपेक्षा जताई।










