मऊ। रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परासी नरहरपुर में शनिवार की सायं एक 26 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार सरोज और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम करीब 05:30 बजे ग्राम परासी नरहरपुर के ग्राम चौकीदार बृज किशोर सिंह ने पुलिस को फोन पर सूचना दी। उन्होंने बताया कि गांव के निवासी रामप्यारे का 26 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार ने अपने ही मकान के भूसे वाले कमरे में फांसी लगा ली है, जिससे उसकी मौत हो गई है।आत्महत्या की टेलीफोनिक सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामपुर तत्काल पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद मृतक के पिता रामप्यारे ने घटना के संबंध में पुलिस को लिखित तहरीर दी।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के शव का पंचनामा भरने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










