मऊ। जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर दो युवकों से 1 लाख 20 हजार रुपये की ठगी का एक मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एक ग्राम प्रधान समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। मधुबन थाना क्षेत्र के समसपुर अहिरौली निवासी बब्बन राजभर ने न्यायालय में वाद दाखिल कर आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में उनसे और उनके रिश्तेदार देवेन्द्र राजभर से विदेश भेजने के नाम पर कुल 1.20 लाख रुपये लिए गए थे। आरोप है कि इसके बदले आरोपियों ने उन्हें फर्जी वीजा थमा दिया। पीड़ित जब भी विदेश जाने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे, तो वीजा फर्जी होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। पीड़ित की शिकायत और कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने इन तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसमें रामलाल राजभर ग्राम प्रधान, रामपुर ग्राम सभा, दुर्गा राजभर निवासी रसूलपुर, मिथिलेश राजभर निवासी, बछईपुर (बलिया) शामिल हैं। पीड़ित बब्बन राजभर के अनुसार जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो विवाद बढ़ा। इस मामले को लेकर रामपुर थाने में दोनों पक्षों के बीच एक सुलह समझौता भी हुआ था। इसके बावजूद आरोपियों ने पीड़ित की रकम वापस नहीं की, जिसके बाद पीड़ित को न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। रामपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सरोज ने बताया कि न्यायालय से मिले आदेश के बाद शुक्रवार देर शाम तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।










