Home मऊ डीआरएम ने किया इंदारा रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण

डीआरएम ने किया इंदारा रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण

मऊ। जनपद के इंदारा रेलवे स्टेशन का डीआरएम आशीष जैन ने किया बारीकी से निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और साफ-सफाई को लेकर दिए कड़े निर्देश
यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और रेल संचालन को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से वाराणसी रेल मंडल के डीआरएम आशीष जैन ने रविवार को जनपद मऊ के इंदारा रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। डीआरएम ने स्टेशन परिसर के हर कोने की बारीकी से जांच की और कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए । सुबह करीब 10 बजे इंदारा रेलवे स्टेशन पहुंचे डीआरएम आशीष जैन ने सबसे पहले प्लेटफॉर्म संख्या 1 और 2 का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के बैठने के लिए लगी बेंच, पेयजल व्यवस्था, शेड और प्रकाश व्यवस्था को परखा। कुछ स्थानों पर शेड क्षतिग्रस्त और लाइटें खराब मिलीं। इस पर उन्होंने स्टेशन अधीक्षक को 15 दिन के भीतर सभी मरम्मत कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
डीआरएम ने टिकट खिड़की, पूछताछ काउंटर और आरक्षण कार्यालय की भी जांच की। उन्होंने कंप्यूटर सिस्टम और यूटीएस मशीनों की कार्यप्रणाली देखी। यात्रियों से सीधे बात कर फीडबैक भी लिया। यात्रियों ने ट्रेनों की समयबद्धता और साफ-सफाई को लेकर कुछ सुझाव दिए, जिसे डीआरएम ने गंभीरता से सुना।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने वेटिंग रूम, प्रसाधन और फुटओवर ब्रिज की स्थिति देखी। कुछ जगहों पर गंदगी और जलजमाव मिला। इस पर उन्होंने कहा कि स्वच्छता से कोई समझौता नहीं होगा। स्टेशन पर नियमित सफाई, कीट नियंत्रण और फॉगिंग कराई जाए। पेयजल के लिए लगे वाटर कूलर और आरओ सिस्टम की नियमित जांच के निर्देश भी दिए।
उन्होंने दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए बनी रैंप और व्हीलचेयर की उपलब्धता भी देखी। साथ ही महिला प्रतीक्षालय और शिशु आहार कक्ष की स्थिति का जायजा लिया।
डीआरएम ने स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। आरपीएफ और जीआरपी जवानों से बात कर उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे चालू रखने को कहा। पार्सल घर और माल गोदाम की भी जांच की गई।
इसके बाद उन्होंने सिग्नल रूम और पैनल रूम का निरीक्षण किया। सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी उपकरणों का समय-समय पर रखरखाव किया जाए ताकि ट्रेनों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने ट्रैक, पॉइंट और क्रॉसिंग की स्थिति भी देखी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here