Home मऊ मुख्य विकास अधिकारी श्री विवेक कुमार श्रीवास्तव ने संचारी रोग नियंत्रण एवं...

मुख्य विकास अधिकारी श्री विवेक कुमार श्रीवास्तव ने संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

मऊ। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान (01 जुलाई से 31 जुलाई 2026) एवं दस्तक अभियान के शुभारंभ अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने तथा प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छता एवं रोगों से बचाव का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव तथा व्यापक जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें ताकि जनपद को संचारी रोगों से सुरक्षित बनाया जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.के. राय ने बताया कि अभियान के दौरान आशा, एएनएम एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से घर-घर जाकर बुखार के मरीजों की पहचान, ट्रैकिंग तथा दस्त रोग से बचाव के संबंध में लोगों को जागरूक किया जाएगा। वहीं 11 जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष दस्तक अभियान भी संचालित किया जाएगा।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान, एंटी लार्वा गतिविधियां, फॉगिंग तथा छिड़काव कार्ययोजना के अनुसार कराया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं तथा स्वयं उपचार करने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लें।
*क्या करें*
बुखार होने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।
मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी, पूरी बांह के कपड़े एवं मच्छररोधी उपाय अपनाएं।
घर एवं आसपास साफ-सफाई रखें तथा जलभराव न होने दें।
केवल स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करें तथा पानी को ढककर रखें।
शौचालय का प्रयोग करें तथा भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ अवश्य धोएं।
नाखून छोटे रखें और भोजन को स्वच्छ रखें।
तेज बुखार, दस्त या उल्टी होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।
*क्या न करें*
बेहोशी या झटके आने पर मरीज के मुंह में कुछ भी न डालें।
झोलाछाप या अपंजीकृत चिकित्सकों से उपचार न कराएं।
घर या आसपास गंदा पानी जमा न होने दें।
कूड़ा-कचरा एवं गंदगी इधर-उधर न फैलाएं।
खुले में शौच न करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here