मऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के सफल आयोजन को लेकर जनपद मऊ की सभी ग्राम पंचायतों एवं सामुदायिक भवनों में 20 जून को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य योग से पहले स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना है, ताकि ग्रामीणों को स्वस्थ एवं स्वच्छ परिवेश में योग करने का अवसर मिल सके। इस अवसर पर ग्राम पंचायतों के सार्वजनिक स्थलों, सामुदायिक भवनों, पंचायत भवनों तथा आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई की जाएगी। अभियान का मुख्य संदेश रहेगा—”पहले स्वच्छता, फिर योग — तभी बनेगा स्वस्थ और निरोग।”जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेन्द्र ने बताया कि स्वच्छता और स्वास्थ्य एक-दूसरे के पूरक हैं। योग दिवस के आयोजन से पूर्व सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं ताकि जनपद में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता को और अधिक बढ़ाया जा सके।जिलाधिकारी महोदय के निर्देश के अनुसार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद मऊ की नदी तट स्थित ग्राम पंचायतों में नदी किनारे विशेष योग सत्रों का आयोजन किया जाएगा। प्राकृतिक वातावरण में आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम ग्रामीणों को प्रकृति, स्वच्छता और योग के प्रति जागरूक करने का संदेश देंगे।जिला पंचायत राज अधिकारी ने सभी ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, युवा मंडलों तथा ग्रामवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस विशेष स्वच्छता अभियान एवं योग दिवस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ और विकसित गांव के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। आइए, हम सभी मिलकर अपने गांव को स्वच्छ बनाएं और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।”जिला पंचायत राज अधिकारी ने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के संबंध में माननीय प्रधानमंत्री जी का संदेश-पत्र एवं अपील पत्र सभी ग्राम प्रधानों/प्रशासकों को उपलब्ध कराया गया है, जिससे अधिक से अधिक ग्रामीण योग दिवस कार्यक्रम में सम्मिलित होकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बन सकें।डीसी आईईसी, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), अंकित कुमार सिंह ने अभियान के लिए प्रेरक संदेश देते हुए कहा—”स्वच्छ ग्राम की यही पहचान, योग से बने स्वस्थ इंसान।”जनपद प्रशासन एवं पंचायत राज विभाग ने सभी ग्रामीणों से 20 जून के स्वच्छता अभियान तथा 21 जून के योग दिवस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। स्वच्छता और योग के इस संयुक्त अभियान के माध्यम से जनपद में स्वस्थ, स्वच्छ और जागरूक समाज के निर्माण का संदेश दिया जाएगा।












