मऊ। जनपद के मधुबन तहसील परिसर के उत्तरी बाउंड्रीवॉल के समीप करंट प्रवाहित नंगे तार की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। विद्युत के तेज झटके के कारण जमीन पर गिरने से युवक का पैर भी फ्रैक्चर हो गया। परिसर में मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुबन पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
कोपागंज थाना क्षेत्र के भरत मिलाप निवासी दीपक गुप्ता (25) पुत्र त्रिभुवन सोमवार की शाम करीब पांच बजे किसी आवश्यक कार्य से मधुबन तहसील परिसर में आया था। वह जैसे ही तहसील के उत्तरी छोर पर स्थित बाउंड्रीवॉल के समीप पहुंचा, वहां पहले से खुले पड़े करंट प्रवाहित नंगे तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही युवक जोर से चिल्लाया और बिजली के तेज झटके के कारण दूर जा गिरा। गिरने के वेग से उसका पैर टूट गया। युवक की चीख-पुकार सुनकर तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और आस-पास मौजूद लोग तुरंत बचाव के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने सूझबूझ से युवक को तार से अलग किया और आनन-फानन में उसे मधुबन पीएचसी में भर्ती कराया। लोगों का कहना है कि तहसील जैसे व्यस्त सार्वजनिक परिसर में नंगे और चालू तारों का इस तरह खुला रहना बेहद लापरवाही भरा है, जिससे किसी की जान भी जा सकती थी।












