Home मऊ टुल्लू पंप चालू करते समय उतरे करेंट ने ली पिता-पुत्र की जान,...

टुल्लू पंप चालू करते समय उतरे करेंट ने ली पिता-पुत्र की जान, महिला गंभीर

मऊ। जनपद के रामपुर थाना क्षेत्र के प्यारेपुर मिश्र गांव में गुरुवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। घर में लगे टुल्लू पंप को स्नान के लिए चालू करने के दौरान उतरे करेंट की चपेट में आने से पिता और पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उन्हें बचाने के प्रयास में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। इस दोहरे हादसे से पूरे गांव में मातम छा गया है।
प्यारेपुर मिश्र गांव की रहने वाली मीना मिश्रा (45) पत्नी देवेंद्र गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे स्नान करने के लिए टुल्लू पंप चालू करने गई थीं। इसी दौरान वह अचानक बिजली के तेज करेंट की चपेट में आ गईं और चिल्लाने लगीं। पत्नी की चीख सुनकर पति देवेंद्र मिश्र (48) और उनका 26 वर्षीय बेटा नीरज मिश्र तुरंत उन्हें बचाने के लिए दौड़े। लेकिन दुर्भाग्यवश, बिजली के जोरदार झटके ने उन दोनों को भी अपनी चपेट में ले लिया और तीनों बुरी तरह झुलस गए। घर के अन्य सदस्यों और पड़ोस के लोगों ने जब यह मंजर देखा, तो आनन-फानन में बिजली की लाइन काटकर तीनों को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद पिता देवेंद्र मिश्र और पुत्र नीरज मिश्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मीना मिश्रा की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और चिकित्सक उनका इलाज कर रहे हैं। पुलिस ने पिता-पुत्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस तरह की घटना से समूचे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here