Home मऊ घाघरा घटाव पर चिन्ताएं हुई कम, प्रशासन ने ली राहत की सांस

घाघरा घटाव पर चिन्ताएं हुई कम, प्रशासन ने ली राहत की सांस

मधुबन(मऊ)। मऊ के मधुबन देवारा में बाढ़ से घिरे लोगों के लिए एक राहत भरी खबर यह है कि अब सरयू नदी का पानी घटना शुरू हो गया है। यहाँ खतरा बिंन्दु को पार कर चुकी नदी शुक्रवार रात से घटाव की ओर है। यहाँ स्थित हाहानाला रेगुलेटर पर तैनात जेई इमरान अहमद के अनुसार शनिवार सुबह 8 बजे नदी का जलस्तर 66.60 मीटर रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार सुबह 8 बजे यह 66.86 था। यानी नदी का पानी बीते 24 घंटे में 26 सेंटीमीटर घटा है। यहाँ खतरा बिंन्दु 66.31 मीटर है। हालांकि नदी अभी भी खतरा बिंन्दु से 29 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है मगर पानी घटने की रफ़्तार यही रही तो अगले कुछ दिनों में यहाँ बाढ़ की स्थिति में सुधार देखा जा सकता है।

एक सप्ताह पूर्व यहाँ नदी का पानी घट कर 64.04 मीटर पर आ गया था। सबकुछ सामान्य हो गया था। फिर अचानक नदी का पानी बढ़ना शुरू हुआ और यह खतरा बिंन्दु को पार कर गया। जिसके बाद यहाँ हालात पूरी तरह बदल गये और लगभग पूरा देवराँचल बाढ़ की चपेट में आ गया।

फिलहाल यहाँ दर्जनों गाँव पानी से घिरे हुए हैं। मधुबन तहसील मुख्यालय को देवारा से जोड़ने वाले अधिकतर मार्ग जलमग्न हैं। लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर नाव ही लोगों के आने-जाने का सहारा बना हुआ है।

वहीं दूसरी तरफ स्थिति को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में दिख रहा है। एसडीएम मधुबन दीपक सिंह लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरिक्षण कर अपने मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे हैं।

एसडीएम ने बताया कि फिलहाल हालात पूरी तरह नियंत्रण में है। बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। सम्बंधित विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों को बिना अनुमति तहसील मुख्यालय न छोड़ने का निर्देश है। लेखपाल, कानूनगो एवं अन्य राजस्व कर्मी लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जरूर पड़ने पर अतिरिक्त नाव लगाई जाएगी। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से पैनिक न होने और प्रशासन के सहयोग की अपील की।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here