Home मऊ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाबा गणिनाथ महाराज का पूजनोत्सव कार्यक्रम

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाबा गणिनाथ महाराज का पूजनोत्सव कार्यक्रम

मऊ। मध्यदेशीय वैश्य महासभा इकाई मधुबन के तत्वावधान में संत शिरोमणि बाबा गणिनाथ महाराज जी का पूजनोत्सव श्रद्धा, भक्तिभाव एवं उत्साह के साथ जनपद के मधुबन पांती रोड गांधी मैदान पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बाबा गणिनाथ महाराज का विधिवत पूजन-अर्चन एवं झंडा रोहण कर समाज की एकता, समृद्धि, शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास की कामना की।

पूजनोत्सव के पश्चात आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी जनपद सिद्धार्थ नगर प्रवीण गुप्ता ने कहा कि संत गणिनाथ केवल वैश्य समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे मानव समाज के पथप्रदर्शक थे। आज उनके पूजनोत्सव के अवसर पर हम सभी को उनके विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि इतिहास में गुप्त वंश का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। चंद्रगुप्त से लेकर स्कंदगुप्त तक गुप्त वंश के शासनकाल को भारतीय इतिहास के गौरवशाली काल के रूप में जाना जाता है। हमें अपने इतिहास और पूर्वजों के गौरव को समझते हुए समाज की एकता एवं प्रगति के लिए कार्य करना चाहिए। प्रवीण गुप्ता ने कहा कि आज आवश्यकता है कि वैश्य समाज संगठित होकर सामाजिक क्षेत्र के साथ-साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था में भी अपनी सक्रिय सहभागिता बढ़ाए। उन्होंने कहा कि समाज को केवल व्यापार तक सीमित न रहकर शिक्षा, सामाजिक सेवा और सार्वजनिक जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने समाज के युवाओं को आगे बढ़ाने तथा संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन में ही शक्ति है और एकजुट समाज की आवाज को मजबूती मिलती है। उन्होंने संत गणिनाथ महाराज जी के संदेश “एक रहो, नेक रहो” को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए सभी से आपसी भाईचारा, सहयोग और एकता बनाए रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मध्यदेशीय वैश्य महासभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री गिरीश चन्द गुप्ता ने समाज में महिलाओं की सहभागिता, शिक्षा, आपसी सामंजस्य एवं सामाजिक कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत भागीदारी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब महिलाएं, युवा और समाज के सभी वर्ग संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से सहभागी बनें। उन्होंने बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा महिलाओं को सामाजिक गतिविधियों में आगे आने के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ ही समाज को नई दिशा और मजबूती प्रदान की जा सकती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राधेश्याम मद्धेशिया ने की। उन्होंने समाज की एकता और संगठन को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए तथा बाबा गणिनाथ महाराज जी के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन नगर महामंत्री चंदन मद्धेशिया एवं अमित गुप्ता ने किया। उन्होंने उपस्थित अतिथियों एवं समाजबंधुओं का स्वागत करते हुए आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम को रवि मद्धेशिया, कपूर चंद्र मद्धेशिया, शंकर मद्धेशिया एवं विनोद मद्धेशिया उर्फ पप्पू जी ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने बाबा गणिनाथ महाराज जी के जीवन एवं उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए समाज में शिक्षा, एकता, संस्कार और सामाजिक सहयोग को बढ़ावा देने की बात कही।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here