Home मऊ पिछली सरकारों में योजनाएं सिर्फ कागजों पर चलती थी- कारागार मंत्री दारा...

पिछली सरकारों में योजनाएं सिर्फ कागजों पर चलती थी- कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान

मऊ। जनपद के मधुबन में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्लॉक मुख्यालय फतहपुर मंडाव पर बुधवार को विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की भव्य प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान पहुंचे। मंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना भी साधा।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत से हुई। इसके बाद विभिन्न विभागों कृषि, स्वास्थ्य, पंचायती राज, बाल विकास, समाज कल्याण, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, विधवा व वृद्धा पेंशन, स्वयं सहायता समूह सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का मंत्री ने निरीक्षण किया और अधिकारियों से जानकारी ली।
अपने संबोधन में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार गरीबों की सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर निवास करने वाले व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में योजनाएं सिर्फ कागजों पर रहती थीं, लेकिन आज मोदी-योगी सरकार में हर गरीब को बिना भेदभाव के आवास, शौचालय, राशन, आयुष्मान कार्ड और किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर काम कर रही है।
मंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्षी दल केवल परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करते थे। उन्होंने गरीबों को सिर्फ वोट बैंक समझा। लेकिन भाजपा सरकार ने गरीबों को सम्मान दिया है।
मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू कर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक कार्य किया है। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार भी सरकारी नौकरियों और योजनाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दे रही है। हमारी सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाएं आज स्वावलंबी बन रही हैं।
इस अवसर पर मंत्री ने आंगनवाड़ी विभाग द्वारा आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की और उन्हें पोषण किट दी। साथ ही छोटे बच्चों का अन्नप्राशन कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
मंत्री ने कहा कि सरकार जच्चा-बच्चा दोनों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है। गर्भवती महिलाओं के लिए पोषण और स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर की जा रही हैं।
इस अवसर पर मंत्री प्रतिनिधि शिवप्रकाश उपाध्याय, एसडीएम मधुबन दीपक सिंह, तहसीलदार अशोक कुमार, बीडीओ अनिल कुमार कुशवाहा, खण्ड शिक्षा अधिकारी श्याम सुंदर पटेल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण कुंवर सिंह शुभम, भाजपा नेता राहुल दीक्षित, रमेश दुबे, अतुल पांडेय, शुभम तिवारी, रतन गुप्ता, रामभवन, मंडल अध्यक्ष नीतीश तिवारी सहित कई अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Author Profile

पवन कुमार पाण्डेय
पवन कुमार पाण्डेय
प्रधान सम्पादक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here