Home मऊ घाघरा का बढ़ता जलस्तर, दुबारी के धूस पुरवा में घुसा पानी, तहसील...

घाघरा का बढ़ता जलस्तर, दुबारी के धूस पुरवा में घुसा पानी, तहसील प्रशासन ने 13 परिवारों को मोलनापुर विद्यालय में कराया शिफ्ट

मऊ। घाघरा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर ने मधुबन तहसील के दुबारी क्षेत्र में तबाही मचा दी है। दुबारी ग्राम पंचायत के धूस पुरवा में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है। हालात को देखते हुए तहसील प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 13 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया है। इन सभी परिवारों को मोलनापुर स्थित विद्यालय में संरक्षित किया गया है, जहां उनके रहने और खाने-पीने की व्यवस्था की जा रही है।
प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार विस्थापित किए गए परिवारों में छतरपाल पुत्र गंगा विशून, रामशब्द पुत्र छतरपाल, विनय पुत्र बहादुर, राजेश पुत्र गंगा विष्णु, राजकुमार पुत्र नंदू, राजनंद पुत्र नंदू, राज पुत्र नंदू, शंकरदयाल पुत्र नंदू, सुखन लाल पुत्र नंदू, रामदहिना पुत्र नंदू, कुसुम पत्नी स्व. अर्जुन, प्रमिला पुत्री स्व. अर्जुन और चंदा पुत्र शंकर शामिल हैं। इन परिवारों के साथ कुल 40 से अधिक सदस्य हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
बाढ़ की सूचना मिलते ही एसडीएम मधुबन दीपक कुमार सिंह खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने मोलनापुर विद्यालय में बनाए गए अस्थायी शरणालय में रह रहे पीड़ितों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। पीड़ितों ने बताया कि अचानक पानी घरों में घुस गया, जिससे उनके घर का सारा सामान, अनाज और कपड़े भीग गए।
एसडीएम दीपक सिंह ने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनके साथ है और हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने पीड़ितों को राशन, पीने का पानी और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
एसडीएम ने मौके पर मौजूद लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और अन्य मातहतों को राहत व बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और जहां भी पानी घुस रहा है, वहां के लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि शरणालय में मेडिकल टीम तैनात की जाए, ताकि किसी भी बीमारी को फैलने से रोका जा सके। साथ ही पशु विभाग को पशुओं के लिए चारे और दवाओं की व्यवस्था करने को कहा गया है।
सिंचाई विभाग को घाघरा नदी के जलस्तर पर हर घंटे नजर रखने और बंधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। एसडीएम ने कहा कि सभी बाढ़ चौकियां अलर्ट मोड पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना दें।
फिलहाल सभी 13 परिवार मोलनापुर विद्यालय में सुरक्षित हैं और प्रशासन द्वारा उनकी देखरेख की जा रही है। घाघरा का जलस्तर अभी भी बढ़ रहा है, जिससे प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here