0 मधुबन क्षेत्र में बढ़ रही चोरियां पुलिस के कार्यप्रणाली पर उठ रहें सवाल।
0 पुलिस ने शीघ्र खुलासे का किया दावा ।
मऊ। जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र के बंधनपुर गांव में बुधवार की रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया। मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे चोरों ने छह कमरों के ताले तथा दो गोदरेज की आलमारियों के लॉक तोड़कर पूरे घर को खंगाल डाला। हालांकि चोरों के हाथ महज करीब एक हजार रुपये नकद, चांदी की 20 पीस तथा सोने की एक पीस जिउतिया लगी।
गंगाकिशुन विश्वकर्मा पुत्र झूरी का दोहरीघाट थाना क्षेत्र के सूरजपुर में भी मकान है। उन्होंने मधुबन थाना क्षेत्र के बंधनपुर में चकऊथ-असना मार्ग पर भी मकान बनवाया है। इसमें उनके पुत्र अनिल विश्वकर्मा, अरविंद विश्वकर्मा और गोविंद विश्वकर्मा परिवार के साथ रहते थे। करीब 15 दिनों से अरविंद और गोविंद अपने परिवार के साथ सूरजपुर स्थित मकान में रह रहे हैं।वहीं अनिल विश्वकर्मा गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज क्षेत्र के सिधुआपार में निजी नौकरी करते हैं और प्रतिदिन रात में बंधनपुर स्थित मकान पर आकर सोते थे। बुधवार की रात बच्चे की तबीयत खराब होने के कारण वह मकान पर नहीं आए। समय का लाभ उठाकर चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर मकान में प्रवेश किया।
चोरों ने छह कमरों के ताले तोड़ने के बाद दो गोदरेज की आलमारियों का लॉक भी तोड़ दिया और सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया। घटना की जानकारी गुरुवार को होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मधुबन थाना पुलिस और डायल 112 की टीम ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस घटना के संबंध में आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरों का सुराग लगाने में जुटी हुई है। उधर क्षेत्र में लगातार हो रहीं चोरियों के चलतें घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत व्याप्त है। तथा पुलिस के कार्य प्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लगाया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार गुप्त का कहना है कि जांच किया जा रहा है। शीघ्र चोरी का खुलासा किया जाएगा।










