Home मऊ मधुबन के विकास के लिए प्रतिबद्ध हूं, विंटोलिया कटान रोकने के लिए...

मधुबन के विकास के लिए प्रतिबद्ध हूं, विंटोलिया कटान रोकने के लिए बनवाया ठोकर, सूरजपुर-दुबारी बंधे का काम जल्द होगा शुरू: विधायक रामविलास चौहान

रिपोर्ट: प्रधान संपादक -पवन कुमार पाण्डेय ।

मऊ। मधुबन विधायक रामविलास चौहान से मधुबन के विकास को लेकर PP खोजी खबर चैनल के प्रधान संपादक पवन कुमार पाण्डेय ने खास बातचीत की। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र के विकास, बाढ़-कटान, PDA फैक्टर और 2027 चुनाव को लेकर बेबाकी से अपनी राय रखी। पेश है बातचीत के मुख्य अंश –

प्रश्न – मधुबन आपकी कर्मभूमि है। आप मधुबन में धार्मिक धरोहरों को संरक्षित करने और सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए प्रयत्नशील रहते हैं, क्या कहेंगे?*

जवाब -विधायक रामविलास चौहान ने कहा कि मधुबन के लोगों की समस्याओं का समाधान करना हमारी और सरकार की जिम्मेदारी है। इसी कड़ी में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मधुबन के देवांचल क्षेत्र में घाघरा नदी के कटान की बड़ी समस्या है। इसे रोकने के लिए विंटोलिया में ठोकर का निर्माण कराया गया है। शेष ठोकरों के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के पास प्रस्ताव भेजा गया है।

इसके साथ ही बंधों के सुदृढ़ीकरण का कार्य भी कराया जा रहा है। सूरजपुर-दुबारी बंधे का निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ हो जाएगा। इससे बाढ़ के समय हजारों किसानों और ग्रामीणों को राहत मिलेगी। धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के लिए भी सरकार से प्रस्ताव भेजा गया है।

प्रश्न – अखिलेश यादव कह रहे हैं कि PDA ही NDA को हराएगा। आप खुद पिछड़े वर्ग के बड़े नेता हैं, क्या PDA का फैक्टर भाजपा के लिए चुनौती है?

जवाब – इस सवाल पर विधायक ने कहा कि भाजपा ने पिछड़े वर्ग के तमाम लोगों को विधायक और मंत्री बनाया है और उन्हें सम्मान दिया है। अखिलेश यादव PDA के नाम पर पिछड़े समाज को धोखा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हकीकत में PDA के पास यादव और मुसलमान के अलावा कोई नहीं है।

भाजपा सबका साथ, सबका विकास के फैक्टर पर काम कर रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के सभी वर्गों को मिल रहा है। इसलिए सभी वर्गों का विश्वास भाजपा के साथ है। PDA का कोई असर 2027 में नहीं चलने वाला है।

प्रश्न – नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण पूर्वांचल में लगातार सक्रिय हैं और दलित वोटबैंक में सेंध लगा रहे हैं। क्या भाजपा इसे चुनौती मानती है?

जवाब – विधायक रामविलास चौहान ने कहा कि नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण अपनी पार्टी चला रहे हैं तो प्रचार तो करेंगे ही। पूर्वांचल में सक्रियता दिखा रहे हैं, लेकिन यह बसपा के वोट में सेंधमारी कर रहे हैं। यह लड़ाई बसपा और आजाद समाज पार्टी के बीच दलित वोट को लेकर है। भाजपा के लिए यह कोई चुनौती नहीं है। भाजपा का वोटबैंक सुरक्षित है और दलित समाज भी भाजपा के साथ है।

प्रश्न – 2027 के मधुबन विधानसभा से ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के चुनाव लड़ने की चर्चा है, इस पर क्या कहेंगे?

जवाब -उन्होंने कहा कि मैं मधुबन का विधायक हूं। टिकट देना या न देना यह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का कार्य है। मधुबन से तमाम लोग टिकट मांग रहे हैं, यह अच्छी बात है। लेकिन अंतिम निर्णय तो पार्टी को ही करना है। पार्टी जिसे भी टिकट देगी, हम सभी कार्यकर्ता उसे जिताने का काम करेंगे।

प्रश्न – 2027 के चुनाव को लेकर भाजपा की क्या रणनीति होगी?

जवाब –अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा की रणनीति स्पष्ट है। हम विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे। 2027 में भाजपा 300 पार करेगी और उत्तर प्रदेश में फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। मऊ जिले की चारों सीटों पर कमल खिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here