लखनऊ/मऊ। मधुबन विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर समाजसेवी और पी.पी. खोजी खबर चैनल के प्रधान संपादक पवन कुमार पाण्डेय ने उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास और ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से मुलाकात कर महत्वपूर्ण मांग की है। समाजसेवी पवन कुमार पांडेय ने मंत्री से मधुबन क्षेत्र के भठिया सुवाह सीमा पर स्थित गुरूचरण चारों ब्रह्म स्थान और शिव मंदिर के सुंदरीकरण कराने की मांग की है। उन्होंने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि ये सभी स्थान क्षेत्र के लोगों के लिए आस्था के केंद्र हैं, लेकिन रखरखाव और सुंदरीकरण के अभाव में इनकी स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है।
0 मंत्री ने दिया सार्थक पहल का आश्वासन…
प्रधान संपादक पवन कुमार पांडेय ने मंत्री ए.के. शर्मा को बताया कि गुरूचरण चारों ब्रह्म स्थान काफी प्राचीन हैं । लेकिन यहां साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और बैठने की उचित व्यवस्था नहीं है। इसी तरह शिव मंदिर और पोखरे का भी सुंदरीकरण जरूरी है ताकि इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।
मामले को गंभीरता से सुनते हुए नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने शीघ्र ही इस दिशा में सार्थक पहल करने और ठोस परिणाम देने का आश्वासन दिया है। मंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों और पोखरों का सुंदरीकरण सरकार की प्राथमिकता में है। इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा और जल्द ही प्रस्ताव तैयार कर कार्य शुरू कराया जाएगा।
मंत्री के इस आश्वासन के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। लोगों का कहना है कि यदि इन स्थलों का सुंदरीकरण हो जाता है तो न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि क्षेत्र का विकास भी होगा। इस दौरान चेयरमैन भूमि विकास बैंक प्रतिनिधि रंगनाथ राय, चीनी मिल घोसी के डायरेक्टर प्रतिनिधि अखिलेश सिंह, संजय सिंह, राहुल दीक्षित सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने मंत्री के समक्ष क्षेत्र के विकास से जुड़ी अन्य समस्याओं को भी रखा।










