Home मऊ डॉ. निशीथ राय की प्रथम पुण्यतिथि पर लखनऊ में श्रद्धांजलि सभा, राजनेताओं...

डॉ. निशीथ राय की प्रथम पुण्यतिथि पर लखनऊ में श्रद्धांजलि सभा, राजनेताओं और परिजनों ने किया नमन

लखनऊ। स्व. डॉ. निशीथ राय की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर लखनऊ स्थित निज आवास पर श्रद्धांजलि सभा एवं पूजा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भावुक वातावरण के बीच परिवारजनों, आत्मीयजनों, राजनेताओं और समाज के प्रतिष्ठित लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके व्यक्तित्व व कृतित्व को याद किया। श्रद्धांजलि सभा में राज्यसभा सदस्य अशोक वाजपेयी , विधान परिषद सदस्य महेन्द्र  सिंह , राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा , विधान परिषद सदस्य व प्रदेश महामंत्री उत्तर प्रदेश पिछड़ा महा मोर्चा रामचंद्र सिंह प्रधान, इफको अधिकारी संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी व उनके भाई सुरेन्द्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में शुभचिंतक मौजूद रहे।

0 सहज-सरल और स्नेहिल व्यक्तित्व को किया याद…
सभा में उपस्थित सभी वक्ताओं ने डॉ. निशीथ राय के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक सहज, सरल और अत्यंत स्नेहिल व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपने जीवन में हमेशा मानवीय मूल्यों, समाज सेवा और संस्कारों को सर्वोपरि रखा। समाज के प्रति उनका योगदान अविस्मरणीय है। वक्ताओं ने उनके साथ बिताए अपने आत्मीय अनुभवों को साझा किया। राज्यसभा सदस्य अशोक वाजपेयी ने कहा कि डॉ. निशीथ राय जैसे व्यक्तित्व विरले ही होते हैं, जो अपने व्यवहार से सभी के दिलों में जगह बना लेते हैं। विधान परिषद सदस्य महेन्द्र सिंह ने कहा कि उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है।

0 परिवार ने कहा – विचारों में आज भी जीवित हैं …

पूर्व राज्य मंत्री भाई उत्पल राय सहित परिजनों ने भावुक होते हुए कहा कि भले ही भैया को हमारे बीच से गए एक वर्ष बीत गया है, लेकिन उनकी स्मृतियां, उनके विचार, उनका स्नेह और उनके दिए संस्कार आज भी हमारे जीवन में उसी तरह जीवंत हैं। उन्होंने कहा कि वे भौतिक रूप से हमारे बीच उपस्थित नहीं हैं, किंतु हमारे विचारों, संस्कारों और प्रेरणा में सदैव जीवित रहेंगे। उनके आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम के दौरान पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। अंत में परिवार की ओर से उपस्थित सभी अतिथियों, मित्रों और आत्मीयजनों का आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने इस कठिन समय में परिवार को संबल दिया और श्रद्धांजलि सभा में पहुंचकर स्व. डॉ. निशीथ राय को नमन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here