मऊ। जनपद का बसपा जिला अध्यक्ष बनाये जाने के बाद जय भीम कुमार शनिवार को पहली बार मधुबन पहुंचे। ऐसे में यहाँ बसपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। यहाँ बनियाबान तिराहे पर दोपहर 1 बजे से ही बड़ी संख्या में लोग जिला अध्यक्ष के स्वागत की तैयारी में खड़े रहे। हालांकि जिला अध्यक्ष लगभग 2.30 बजे मधुबन पहुंचे। यहाँ उन्होंने बाबा साहब अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उसके बाद कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से अपने नये जिला अध्यक्ष का स्वागत किया और मिठाई खिला कर इस नई ज़िम्मेदारी के लिए बधाई दी। मीडिया से बातचीत में जय भीम कुमार ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बसपा मऊ जनपद के चारों विधानसभा में जीत दर्ज करेगी। कहा कि बहन मायावती ने जिस भरोसे के साथ उन्हें यह ज़िम्मेदारी दी है उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास रहेगा।कहा कि बसपा कार्यकर्ताओं का संगठन इस देश का सबसे मजबूत संगठन है। अपने इस संगठन की ताकत की बदौलत हम लोग चारों विधानसभा जीत कर बहन जी की झोली में देने का काम करेंगे।मधुबन विधानसभा से बसपा द्वारा घोषित प्रत्याशी भरत भैया के जीत के सवाल पर कहा कि इस विधानसभा में हमारा संगठन काफी मजबूत है और इसी संगठन की ताकत की बदौलत इस विधानसभा में बसपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। इस अवसर पर विधान सभा प्रभारी धर्मेंद्र , विधानसभा अध्यक्ष अध्यक्ष लल्लन सिंह पटेल, भरत भैया, राजकुमार राजू, रमेश यादव, भोला प्रसाद, सुजीत कुमार रावत, सोनू राजभर, जंगबहादुर मौर्य, भीमल प्रसाद, संजय कुमार, लालबहादुर मौर्य सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।












