गोरखपुर । जनपद में 10 वर्षीय दीपिका शर्मा हत्याकांड को लेकर न्याय की मांग लगातार तेज हो रही है। घटना को लगभग 20 दिन बीत जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए घोसी के वरिष्ठ नेता एवं पीस पार्टी के प्रत्याशी अधिवक्ता नवल किशोर शर्मा ने आज गोरखपुर टाउन हॉल स्थित गांधी जी की प्रतिमा के पास अकेले धरना दिया। हाथों में टेंपलेट लेकर उन्होंने सरकार और प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। नवल किशोर शर्मा ने अपनी बात रखते हुए सरकार से पीड़ित परिवार के एक सदस्य को तत्काल सरकारी नौकरी, एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, आवासीय भूमि और परिवार की सुरक्षा देने की मांग की। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि “जब मुख्यमंत्री के शहर में एक मासूम बच्ची के मामले में यह हाल है, तो प्रदेश के दूसरे हिस्सों में क्या स्थिति होगी?” उन्होंने सरकार से मामले में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।धरने की सूचना पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे नवल किशोर शर्मा को हिरासत में लिया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि दीपिका शर्मा के परिवार को न्याय मिलने तक उनकी आवाज उठती रहेगी।










