मऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को जनपद के दरगाह क्षेत्र में भव्य “तिरंगा यात्रा” का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व राज्य मंत्री उत्पल राय ने हरी झंडी दिखाकर किया। तिरंगे के रंगों से सराबोर पूरा इलाका “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत दरगाह रामलीला परिसर से हुई। सुबह से ही परिसर में लोगों का हुजूम उमड़ने लगा था। हाथों में तिरंगा, सिर पर भगवा और केसरिया पट्टी बांधे बच्चे, महिलाएं और भाजपा कार्यकर्ता देशभक्ति के गीतों के साथ एकत्र हुए। माहौल पूरी तरह से राष्ट्रीयता के रंग में रंगा नजर आया।
यात्रा को रवाना करने से पहले पूर्व राज्य मंत्री उत्पल राय ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा सिर्फ एक कपड़ा नहीं है, बल्कि यह हमारे शहीदों के बलिदान, देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “आजादी के 79वें वर्ष में हम सबका दायित्व है कि हम घर-घर तिरंगा फहराएं और देश के लिए समर्पण की भावना को जीवित रखें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।”
उत्पल राय ने युवाओं और बच्चों से अपील किया कि वे देश के गौरव को आगे बढ़ाएं और अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। उनके संबोधन के बाद उन्होंने तिरंगा लहराकर यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यात्रा में सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र स्कूली बच्चे थे। छोटे-छोटे बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर मार्च किया। महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी कर यह संदेश दिया कि राष्ट्रभक्ति में हर वर्ग की बराबर भागीदारी है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रा के अनुशासन और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था संभाले रहें।
इस तिरंगा यात्रा में क्षेत्र के गणमान्य लोग और भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता भी शामिल हुए। यात्रा में संजय सिंह, राहुल दीक्षित, बलवंत चौधरी, आशुतोष सिंह, मनोज सिंह, संजय तिवारी, नरेन्द्र मल्ल निराला, बीरेन्द्र शर्मा सहित हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।










