Home मऊ प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले, खिलाड़ियों ने...

प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले, खिलाड़ियों ने दिखाया उत्कृष्ट खेल कौशल

मऊ। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के समन्वय से जिला खेल कार्यालय, मऊ द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम, मऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 01 से 08 अगस्त, 2026 तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को कुल आठ रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें विभिन्न मंडलों एवं स्पोर्ट्स कॉलेजों की टीमों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
दिन का पहला मुकाबला आगरा एवं अलीगढ़ मंडल के बीच खेला गया, जिसमें आगरा मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-0 से जीत दर्ज की। दूसरे मैच में मेरठ एवं प्रयागराज मंडल आमने-सामने रहे। बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में मेरठ मंडल ने अंतिम क्षणों में निर्णायक गोल कर 1-0 से विजय प्राप्त की।
तीसरे मैच में मुरादाबाद मंडल ने मिर्जापुर मंडल को 2-0 से पराजित किया। चौथे मुकाबले में झांसी मंडल ने चित्रकूट मंडल को 3-1 से हराकर अगले दौर की ओर मजबूत कदम बढ़ाया।
पांचवें मैच में बस्ती मंडल ने प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन करते हुए देवीपाटन (गोंडा) मंडल को 5-1 से पराजित किया। छठे मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज, सैफई ने आजमगढ़ मंडल पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखते हुए 4-0 से शानदार जीत दर्ज की।
सातवां मुकाबला वाराणसी एवं लखनऊ मंडल के बीच खेला गया, जो निर्धारित समय तक 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। दिन के अंतिम मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ ने अयोध्या मंडल को 5-0 से पराजित कर शानदार जीत हासिल की।
प्रतियोगिता के दौरान उपक्रीड़ाधिकारी आजमगढ़ जय प्रकाश सिंह, जिला ओलंपिक संघ मऊ के अध्यक्ष ओमेंद्र सिंह, जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष महमूद, संयुक्त सचिव इरशाद अहमद सहित शकील अहमद, हामिद नूरूल होदा, जाफर इकबाल, डॉ. अशफाक अंसारी, लल्लन, राजीव कुमार जायसवाल, अखिलेश खरवार, भूपेंद्र नाथ, रितेश दास, सोनिया कुमारी, रीमा यादव तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर क्रीड़ाधिकारी मऊ डी.पी. सिंह ने प्रतियोगिता में उपस्थित सभी सम्मानित अतिथियों, खेल अधिकारियों एवं जनपदवासियों का खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करती हैं तथा खेल संस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here