मऊ । जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र के अईलख ग्राम पंचायत में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव निवासी राजदेव राम के 35 वर्षीय पुत्र प्रमोद कुमार का शव गांव के एक कुएं से बरामद हुआ। प्रमोद मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अक्सर घर से निकलकर इधर-उधर भटकता रहता था। वह लगभग एक पखवारे से लापता था।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे कुएं से तेज दुर्गंध आने पर मृतक की मां दुखनी देवी वहां पहुंचीं। कुएं में झांककर देखा तो उनका बेटे का क्षत-विक्षत और सड़-गल चुका शव पानी में उतराया हुआ था। यह दृश्य देखकर वह बिलख पड़ीं। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना पर हलधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। शव की स्थिति से आशंका जताई जा रही है कि प्रमोद कई दिन पहले ही कुएं में गिर गया था, लेकिन किसी को इसकी भनक नहीं लगी।
परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को लिखित प्रार्थना-पत्र देकर शव का पोस्टमार्टम कराने तथा किसी अन्य वैधानिक कार्रवाई से स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए ग्रामीणों की मौजूदगी में शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।
मृतक प्रमोद कुमार चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था,घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।












