मऊ। जनपद के मधुबन में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सघन छापामारी अभियान चलाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने कटघराशंकर के रौजा स्थित खुशी सेवा सदन पर छापा मारा। विभाग को शिकायत मिली थी कि यहां बिना मानक और बिना पंजीकरण के मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
टीम के पहुंचने से पहले ही तथाकथित चिकित्सक अस्पताल छोड़कर फरार हो गया। मौके पर मरीज और जरूरी दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को तत्काल बंद करने और संचालन न करने के निर्देश के साथ नोटिस चस्पा कर दी। डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि जनपद में इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। जो अस्पताल आम जनता के जीवन के लिए खतरा बने हुए हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि इलाज के लिए केवल पंजीकृत और मानक पूरा करने वाले अस्पतालों का ही चयन करें।
इस कार्रवाई के दौरान बीसीपीएम सूर्यकांत त्रिपाठी, दीपक कुमार, कमलेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।










