Home मऊ मधुबन नगर पंचायत में विवाद: चेयरमैन पति प्रशांत मल्ल के खिलाफ सभासदों...

मधुबन नगर पंचायत में विवाद: चेयरमैन पति प्रशांत मल्ल के खिलाफ सभासदों ने पुलिस को दी तहरीर, मुकदमा दर्ज करने की मांग

मऊ। जनपद के मधुबन नगर पंचायत में चेयरमैन पति के व्यवहार को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। चेयरमैन पति प्रशांत मल्ल पर फोन पर सभी सभासदों को अभद्र भाषा और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। इससे नाराज होकर नगर पंचायत के सभी सभासद एकजुट हो गए और बुधवार को थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर सौंपी। सभासदों ने प्रशांत मल्ल के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने की मांग की है।
सभासदों ने बताया कि नगर पंचायत के वार्ड नंबर 5 निवासी राजू कुमार से रास्ते के प्रकरण को लेकर चेयरमैन पति प्रशांत मल्ल के बीच फोन पर बातचीत हो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान प्रशांत मल्ल ने सभी सभासदों को फोन कर भद्दी-भद्दी गालियां दीं और धमकी दिया। सभासदों का कहना है कि नगर पंचायत एक संवैधानिक संस्था है और जनप्रतिनिधियों का सम्मान करना जरूरी है। लेकिन चेयरमैन पति द्वारा सार्वजनिक पद पर बैठे लोगों के साथ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना न सिर्फ अपमानजनक है बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादा के भी खिलाफ है।
घटना से क्षुब्ध होकर नगर पंचायत के सभी वार्डों के सभासद एक साथ मिलकर संयुक्त तहरीर तैयार की और उसे लेकर मधुबन कोतवाली पहुंचे। तहरीर में सभासदों ने लिखा है कि चेयरमैन पति प्रशांत मल्ल फोन पर लगातार अभद्रता कर रहे हैं जो लोकतांत्रिक मर्यादा के विपरीत है ।
सभासदों ने पुलिस से मांग की है कि प्रशांत मल्ल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।
कोतवाली प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्त ने बताया कि सभासदों की ओर से एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में चेयरमैन पति पर फोन पर गाली-गलौज और धमकाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।इस अवसर पर सभासद अखिलेश राज, नीलेश राजरत्नम, राजकुमार राजभर, गोबिंद यादव , विनोद गुप्त आदि रहें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here