मऊ। जनपद के मधुबन निवासी आर्य मल्ल का चयन यूपी दारोगा भर्ती परीक्षा-2026 में हुआ है। मंगलवार को जारी रिजल्ट में उन्हें 943वीं रैंक प्राप्त हुआ। जैसे ही यह खबर उनके पैतृक गाँव सुल्तानपुर बारहगाँवा पहुंची गाँव में ख़ुशी की लहर दौड़ गयी। दर्जनों लोगों ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। आर्य मल्ल वर्तमान में CRPF में SI के पद पर तैनात हैं।आर्य मल्ल पुत्र प्रविन्द कुमार मल्ल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गाँव के ही विद्यालय से शुरु की। हरिबंश मल्ल मेमोरियल इंटरमीडिएट कॉलेज मधुबन से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की उसके बाद प्रयागराज चले गए। दो साल तक वहाँ रह कर पढ़ाई की। उन्होंने करीब 2 साल तक मुख़र्जी नगर दिल्ली में रह कर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की और 2024 में सेना में SI के पद पर चयनित हुए। वर्तमान में वह इसी पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।परिजनों ने बताया कि आर्य मल्ल की माता कमलावती देवी का 17 जुलाई 2015 को निधन हो गया था। अपनी माँ की मृत्यु पर उन्हें गहरा आघात लगा और वह अंदर से टूट से गए। मगर इस दुख की घड़ी में पिता ने उन्हें सहारा दिया और कदम कदम पर उनका मार्गदर्शन किया। जीवन में कुछ बेहतर करने के लिए प्रेरित किया। आज उनकी इस सफलता पर पिता सहित परिजनों का सर गर्व से ऊँचा हो गया है।बधाई देने वालों में डॉ. नासिर अली, डॉ. कैलाश मौर्य, मधुबन व्यवपार मण्डल अध्यक्ष बब्लू ठठेरा, शिक्षक राज बहादुर सिंह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष शंकर मद्देशिया, डॉ. राशिद उस्मानी,, जिला पंचायत सदस्य अशफाक अलम, आलोक मल्ल, कांग्रेस नेता हरिश्चन्द्र यादव, राकेश सिंह आदि शामिल रहे।










