Home मऊ वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत शहीद इंटर कॉलेज में वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता...

वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत शहीद इंटर कॉलेज में वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

0 विधायक ने विद्यार्थियों को वितरित किए आम, शिक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

मऊ। जनपद के सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, घोसी रेंज द्वारा वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को शहीद इंटर कॉलेज, मधुबन में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मधुबन विधायक रामविलास चौहान ने विद्यार्थियों को आम वितरित करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। “एक पेड़ माँ के नाम” सहित विभिन्न अभियानों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि लगन और परिश्रम के साथ अध्ययन करने से व्यक्ति अपने सभी लक्ष्यों को प्राप्त कर सकता है।
प्रभागीय निदेशक पी.के. पाण्डेय ने वन महोत्सव सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वन विभाग द्वारा निरंतर चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियानों से प्रदेश में हरित क्षेत्र का निरंतर विस्तार हो रहा है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी से अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।
जिला परियोजना अधिकारी, नमामि गंगे डॉ. हेमंत कुमार यादव ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से अपने जीवनकाल में कम से कम 50 पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा नदियों, जल स्रोतों एवं गांवों को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरा इधर-उधर न फेंकने का भी संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में शहीद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विक्रमादित्य चौहान ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अश्विनी राय ने किया।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता शिवानंद मल, छोटेलाल चौहान, विद्यालय के शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here