मऊ। जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि जनपद के समस्त अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को माह जुलाई, 2026 का खाद्यान्न तथा अंत्योदय कार्डधारकों को अप्रैल, मई एवं जून, 2026 की तिमाही की चीनी का वितरण 06 जुलाई से 20 जुलाई, 2026 तक उचित दर की दुकानों के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 10 किलोग्राम गेहूं एवं 25 किलोग्राम चावल (कुल 35 किलोग्राम) निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं पात्र गृहस्थी योजना के राशन कार्डधारकों को प्रति यूनिट 1 किलोग्राम गेहूं एवं 4 किलोग्राम चावल (कुल 5 किलोग्राम) निःशुल्क वितरित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त अंत्योदय कार्डधारकों को अप्रैल, मई एवं जून, 2026 की तिमाही के सापेक्ष प्रति कार्ड 3 किलोग्राम चीनी 18 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से कुल 54 रुपये में उपलब्ध कराई जाएगी। चीनी के वितरण में पोर्टेबिलिटी की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी, इसलिए लाभार्थियों को अपनी मूल उचित दर की दुकान से ही चीनी प्राप्त करनी होगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि वे वितरण संबंधी समस्त जानकारी अपनी दुकान के सूचना-पट्ट पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। साथ ही जनपद के समस्त अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी लाभार्थियों से निर्धारित अवधि में अपनी उचित दर की दुकान से खाद्यान्न एवं अन्य पात्र सामग्री प्राप्त करने की अपील की गई है।










