मऊ । मानसून के मौसम में संचारी रोगों के बढ़ते खतरे को देखते हुए जनपद के विकास फतहपुर मंडाव के गांव फतहपुर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान का नेतृत्व खंड विकास अधिकारी बीडीओ अनिल कुमार कुशवाहा ने किया। शुभारंभ के साथ ही गांव की मुख्य नालियों की सघन सफाई, फॉगिंग, क्लोरीनेशन और घर-घर जाकर जागरूकता का काम शुरू कर दिया गया। बीडीओ ने कहा कि “बीमारी का इलाज से ज्यादा जरूरी बचाव है” और इसी मंत्र के साथ प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत और ग्रामीणों को एक मंच पर लाकर यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियानका शुभारंभ पंचायत भवन परिसर से किया गया । कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, सीएचसी की मेडिकल टीम, आशा बहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, सफाई कर्मी, एनजीओ के स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहें।बीडीओ अनिल कुमार कुशवाहा ने कहा किकि 1 जुलाई से अक्टूबर तक का समय संचारी रोगों के लिए सबसे संवेदनशील होता है। बरसात के कारण जगह-जगह पानी जमा हो जाता है, नालियां चोक हो जाती हैं और मच्छरों की ब्रीडिंग बढ़ जाती है। यही मच्छर डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया फैलाते हैं। वहीं दूषित पानी और खुला भोजन टाइफाइड, हेपेटाइटिस-ए और डायरिया का कारण बनता है।उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल 1-2 दिन का दिखावा नहीं होगा। “अगले 15 दिन तक फतहपुर मंडाव को मिशन मोड में चलाया जाएगा। हर गली, हर नाली, हर घर तक हमारी टीम जाएगी”। बीडीओ ने मातहतों को सख्त निर्देश दिए कि सफाई, फॉगिंग और सर्वे की रोजाना फोटो-वीडियो साक्ष्य के साथ पोर्टल पर अपलोड किए जाएं। लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मी के विरुद्ध कार्रवाई होगी। इस अवसर पर एडीओं पंचायत पंकज मल्ल, एपीओं, अजय पाल सिंह आदि रहें ।












