Home मऊ सर्वेश मिश्रा ने स्वास्थ्य सेवाओं पर बोला हमला, सरकार के कार्य प्रणाली...

सर्वेश मिश्रा ने स्वास्थ्य सेवाओं पर बोला हमला, सरकार के कार्य प्रणाली पर उठाए सवाल

मऊ। आम आदमी पार्टी (AAP) के  प्रवक्ता सांसद संजय सिंह के प्रतिनिधि सर्वेश मिश्रा ने जनपद के मधुबन तहसील क्षेत्र के दुबारी ग्राम पंचायत अंतर्गत धुंसपुरवा स्थित ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ (सरकारी अस्पताल) का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल की बदहाली और जमीनी हकीकत को उजागर करते हुए उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो साझा कर सूबे की योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है।
​सर्वेश मिश्रा ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पूर्वांचल के लोगों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा:
​”मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिस जिले में करोड़ों की लागत से बने प्राइवेट अस्पतालों का उद्घाटन करने आते हैं, उसी जिले के सरकारी अस्पतालों के हालात बद से बदतर हो चुके हैं। कुछ दिनों पहले ही मुख्यमंत्री मऊ आए थे, लेकिन उन्हें जनता को समर्पित इन बदहाल सरकारी केंद्रों की सुध लेने की फुर्सत नहीं मिली।”
​​आप प्रवक्ता ने इस आयुष्मान आरोग्य मंदिर की तुलना दिल्ली के वर्ल्ड-क्लास ‘मोहल्ला क्लीनिक’ से करते हुए कहा कि दिल्ली की तर्ज पर वाहवाही लूटने के लिए भाजपा सरकार ने इन केंद्रों को खोल तो दिया, लेकिन आज ये सिर्फ कागजों पर चल रहे हैं।
अस्पताल का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है और देखरेख के अभाव में इसे कूड़ाघर बना दिया गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने वीडियो में बताया कि सालों से यहां कोई डॉक्टर या मेडिकल स्टाफ नहीं आया है। अस्पताल सिर्फ एक शोपीस बनकर रह गया है। ग्रामीणों ने दर्द बयां करते हुए कहा कि यह क्षेत्र बाढ़ प्रभावित है। बाढ़ के समय जब लोगों को इलाज की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, तब उन्हें मीलों दूर भटकना पड़ता है, जिससे कई बार मरीजों की जान पर बन आती है।
​आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि सरकार इवेंटबाजी छोड़कर पूर्वांचल की स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करे और धुंसपुरवा के इस अस्पताल में तुरंत डॉक्टरों की तैनाती कर इसे सुचारू रूप से चालू किया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here