Home मऊ मुहर्रम के दृष्टिगत जिला प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने घोसी...

मुहर्रम के दृष्टिगत जिला प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने घोसी में किया फ्लैग मार्च

मऊ। मुहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। इसी क्रम में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन एवं पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश बहादुर ने घोसी क्षेत्र के संवेदनशील एवं प्रमुख मार्गों पर कल देर शाम फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आमजन से शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ मुहर्रम मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया अथवा अन्य किसी माध्यम से भ्रामक सूचना, अफवाह अथवा समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें तथा ऐसी किसी जानकारी की सत्यता संबंधित प्रशासनिक अथवा पुलिस अधिकारियों से अवश्य सुनिश्चित कर लें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा सोशल मीडिया की निरंतर निगरानी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार में खलल डालने, कानून-व्यवस्था प्रभावित करने अथवा शांति भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने जुलूस मार्गों, संवेदनशील स्थलों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य व्यक्तियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here