मऊ। मधुबन क्षेत्र के गाजियापुर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब घाघरा नदी में स्नान के दौरान दो सगी बहनें डूब गईं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, उधर ग्रामीणों और प्रशासन की टीम संयुक्त टीम खोजबीन शुरू कर दिया है।
ग्राम पंचायत गजियापुर निवासी किसान रामविलास यादव का परिवार एकादशी पर्व पर घाघरा नदी में स्नान करने गया था। उनके साथ पत्नी, दो पुत्रियां, एक पुत्र, भाई का परिवार तथा गांव की अन्य महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। बताया जा रहा है कि करीब 20 से 25 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से नदी तट पर पहुंचे थे।
स्नान के दौरान रामविलास यादव का पुत्र अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को बचाने के लिए सबसे पहले बड़ी बहन प्रियांशु नदी में कूद गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रियांशु ने अपने भाई को धक्का देकर सुरक्षित कर दिया, लेकिन स्वयं पानी के तेज बहाव में फंसकर डूबने लगी। बहन को संकट में देख छोटी बहन प्रतिज्ञा भी उसे बचाने के लिए नदी में उतर गई, लेकिन वह भी गहरे पानी में समा गई।
घटना बुधवार सुबह लगभग 10 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए तथा अपने स्तर से दोनों बच्चियों की तलाश शुरू कर दी। कई घंटों तक खोजबीन के बावजूद दोनों का कोई पता नहीं चल सका।
घटना की जानकारी मिलने पर मधुबन क्षेत्राधिकारी दिनेश दत्त मिश्रा तथा मधुबन थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन की निगरानी में दोनों बच्चियों की तलाश कराई जा रही है।
बताया जाता है कि रामविलास यादव एक किसान हैं और खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।












