गाजीपुर। जनपद में एक शादी उस वक्त टूटने की कगार पर पहुंच गई जब जयमाला के दौरान फोटो खिंचवाने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए और नाराज़ दूल्हा पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया। लेकिन अगले ही दिन घोसी के पूर्व सांसद अतुल राय ने पहल करते हुए दोनों परिवारों को आमने-सामने बैठाया, गांव की तरफ से माफी मांगी और खुद मंडप में बैठकर विवाह संपन्न कराया।
दरअसल बीरपुर गांव में खुशियों का माहौल उस वक्त मातम और तनाव में बदल गया जब जयमाला समारोह के दौरान फोटो खिंचवाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। बारात लेकर पहुंचे रामपुर निवासी लाला राम कश्यप के बेटे गोविंद कश्यप और बीरपुर निवासी महतो चौधरी की बेटी आरती की शादी होनी थी, लेकिन मंच पर हुए विवाद ने पूरे समारोह को संकट में डाल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वर पक्ष और गांव के कुछ युवकों के बीच फोटो खिंचवाने को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए और कुछ को अस्पताल तक ले जाना पड़ा। घटना से आहत दूल्हा पक्ष ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। रातभर चले तनाव के बाद मामला अगले दिन घोसी के पूर्व सांसद अतुल राय के संज्ञान में पहुंचा। अतुल राय ने दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बातें सुनीं। दूल्हे के पिता ने अपमान और मारपीट का हवाला देते हुए शादी से इंकार किया, जबकि लड़की पक्ष ने सामाजिक सम्मान और शादी में हुए भारी खर्च का हवाला देते हुए समाधान की गुहार लगाई। पूर्व सांसद अतुल राय ने पूरे मामले में मध्यस्थ की भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल शरारती युवक मौके से फरार हो चुके थे, लेकिन उनकी हरकतों की सजा दोनों परिवारों को नहीं मिलनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने पूरे गांव की तरफ से दूल्हा पक्ष से माफी मांगी और भरोसा दिलाया कि दोषी युवकों से भी माफी मंगवाई जाएगी।इतना ही नहीं, अतुल राय ने घायलों के इलाज और खर्च की जिम्मेदारी भी लेने की बात कही। उनके प्रयासों के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी और टूटने की कगार पर पहुंची शादी आखिरकार संपन्न हो गई। पूर्व सांसद स्वयं मंडप में पहुंचे और विवाह की रस्मों के दौरान मौजूद रहकर पूरे कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराया। फिलहाल एक छोटी सी कहासुनी ने जहां दो परिवारों के रिश्ते को टूटने की कगार पर पहुंचा दिया था, वहीं समय रहते पूर्व सांसद अतुल राय की पहल और समझदारी ने एक बेटी का घर बसाने का काम किया। अब इस अनोखी सुलह और शादी की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।











