मऊ । जनपद के मधुबन पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। उसने दबिश देकर चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक 315 बोर का तमंचा एवं जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। वहीं मोटरसाइकिल चोरी की घटना में शामिल दो अन्य अभियुक्त की तलाश जारी है।पकड़े गए अभियुक्त की पहचान राहुल प्रसाद निवासी रामपुर कमना भैरोपुर थाना मधुबन के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार मधुबन थाना क्षेत्र के धरमपुर विशुनपुर जरलहवा निवासी विजय प्रकाश चौहान ने बीते 18 जून 2026 को अपने भाई की बाइक चोरी हो जाने का मुकदमा स्थानीय थाना में पंजीकृत कराया था। पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रविवार की रात 1.35 बजे मधुबन थाना क्षेत्र के भैरोपुर चट्टी से 100 मीटर दूर राजू चौक के पास आरोपी राहुल को पकड़ा गया। उसके पास से दो बाइक एक हीरो स्प्लेंडर और दूसरी बिना नंबर नम्बर प्लेट बरामद की गयी। आरोपी के पास एक 315 बोर का तमंचा और एक ज़िंदा कारतूस भी पकड़ा गया।पुलिस की दबिश देख घटना में शामिल दो अन्य आरोपी सोनू उर्फ़ सुदामा निवासी धर्मपुर लीलहवा एवं अवनीश यादव निवासी मिश्ररौली दुबारी थाना मधुबन मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।थाना प्रभारी मधुबन के के गुप्त ने बताया कि गिरफ़्तार आरोपी राहुल पर इससे पहले भी मधुबन थाना में एक मुकदमा दर्ज है। वहीं फरार दोनों आरोपियों सोनू एवं अवनीश पर दोहरीघाट एवं मधुबन थाना में आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत हैं। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की गिरफ़्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।












