Home मऊ केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं राज्य सरकार के नौ वर्ष पूर्ण...

केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं राज्य सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर राज्य कर विभाग के अधिकारियों एवं व्यापारियों के मध्य हुआ संवाद कार्यक्रम

मऊ। राज्य कर विभाग की पहल पर उपायुक्त राज्य कर, खण्ड-3 मऊ मनोज कुमार यादव एवं सहायक आयुक्त राज्य कर ऋषि प्रसाद रस्तोगी के नेतृत्व में अधिकारियों एवं व्यापारियों के मध्य संवाद कार्यक्रम एवं केन्द्र सरकार के 12 वर्ष तथा राज्य सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन साहू मैरेज हाल, भोला मोड़, मधुबन मऊ में किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखा।
इस अवसर पर उपायुक्त राज्य कर मनोज कुमार यादव, सहायक आयुक्त राज्य कर ऋषि प्रसाद रस्तोगी तथा राज्य कर अधिकारी सतीश चन्द्र वर्मा द्वारा जीएसटी से संबंधित विभिन्न प्रावधानों, रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया, ई-वे बिल, ई-इनवॉइस की पात्रता, जीएसटी पंजीयन के लाभ, इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के लाभ एवं सोलर परियोजनाओं से संबंधित कर प्रक्रियाओं के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
व्यापार मण्डल के अध्यक्ष बबलू ठठेरा द्वारा स्क्रैप व्यवसाय से संबंधित कर प्रावधानों की जानकारी प्राप्त की गई। जबकि व्यापार मण्डल के उपाध्यक्ष रवि मद्देशिया ने ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से संबंधित जीएसटी प्रावधानों पर जानकारी मांगी। सर्राफा व्यापारी शैलेन्द्र वर्मा ने पुरानी ज्वैलरी की मरम्मत उपरांत बिक्री पर लागू कर प्रावधानों तथा व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विनोद मद्देशिया द्वारा ई-वे बिल से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इसके अतिरिक्त उपस्थित व्यापारियों द्वारा जीएसटी पोर्टल को हिन्दी भाषा में उपलब्ध कराने एवं व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना की धनराशि रु0 20 लाख करने की मांग भी उठाई गई।
व्यापारियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त राज्य कर मनोज कुमार यादव ने कहा कि सभी व्यापारी अपने मोबाइल नंबर को जीएसटी पोर्टल पर अद्यतन अवश्य रखें, जिससे विभागीय अधिकारियों एवं व्यापारियों के मध्य सीधा संवाद स्थापित हो सके। उन्होंने केन्द्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी नीतियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होने कहा कि व्यापारी अधिकारी संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों को अपनी समस्याएं एवं सुझाव खुलकर रखने का अवसर प्रदान करना है। विभाग की जिम्मेदारी है कि प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं को उचित स्तर तक पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाए।
कार्यक्रम में राज्य कर अधिकारी शिव कुमार गुप्ता, प्रशान्त कुमार, सर्वेश यादव सहित व्यापारी, पिन्टू जायसवाल, बृजेश जायसवाल, राजेन्द्र कुमार वर्मा, उदय प्रताप मल्ल, बब्बन मद्देशिया एवं ओमप्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here