मऊ। उत्तर प्रदेश जनपद मऊ के लिए यह गर्व का विषय है कि श्री सुबेदार यादव का चयन प्रतिष्ठित यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) कोच एजुकेशन लेवल-1 कार्यक्रम के लिए हुआ है। यह कार्यक्रम स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) द्वारा इंटरनेशनल स्कूल स्पोर्ट फेडरेशन (ISF) एवं यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य देशभर के खेल प्रशिक्षकों की तकनीकी एवं व्यावसायिक दक्षता को बढ़ाना है। सुबेदार यादव उत्तर प्रदेश से चयनित प्रतिभागियों में शामिल हैं तथा राज्य के आठ प्रतिनिधियों में से एक हैं। उनका यह चयन खेल एवं कुश्ती प्रशिक्षण के क्षेत्र में उनके समर्पण, परिश्रम एवं योगदान को दर्शाता है। वर्तमान में श्री यादव मऊ जनपद के बोजही इंटर कॉलेज में खेल शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं तथा वे निरंतर विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रेरित करते हुए प्रतिभाओं को निखारने का कार्य कर रहे हैं। इस उपलब्धि पर बोजही इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षकगण ने श्री सुबेदार यादव को हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रम से उनके कौशल में और वृद्धि होगी तथा वे संस्थान एवं जनपद का नाम रोशन करेंगे।यह उपलब्धि न केवल संस्थान बल्कि पूरे जनपद मऊ के लिए गर्व का विषय है।












